
कुरूद, 5 नवंबर 2026। कुरूद में पटवारी हड़ताल को पेंशनर्स का समर्थन मिलने से आंदोलन को नई ताकत मिली है। 24 दिनों से जारी पटवारियों की हड़ताल अब अकेली नहीं रही। गुरुवार को पेंशनर्स संघ के सदस्य धरनास्थल पहुंचे और पटवारियों के समर्थन में सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
पटवारी कार्यालय के पास चल रहे धरने में जमकर नारेबाजी हुई और छठवें-सातवें वेतनमान की प्रतियां आग के हवाले कर दी गईं। पेंशनर्स बोले- संघर्ष में हम साथ हैं।
कुरूद में पटवारी हड़ताल को मिला पेंशनर्स का समर्थन
छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संघ के आह्वान पर प्रदेशभर के पटवारी 13 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। गुरुवार को कुरूद में चल रहे धरने को पेंशनर्स संघ ने समर्थन दिया।
पटवारियों की प्रमुख मांग PV (फिजिकल वेरिफिकेशन) ऐप की तकनीकी समस्याओं को दूर करना है। उनका कहना है कि डिजिटल क्रॉप सर्वे और फसल नुकसान के आकलन के दौरान ऐप के उपयोग में तकनीकी परेशानियां आ रही हैं।
इसके अलावा वेतन विसंगतियों को दूर करने, लंबित एरियर का भुगतान और ऐप के बहिष्कार को लेकर बलौदाबाजार, महासमुंद सहित अन्य जिलों में की गई निलंबन एवं दंडात्मक कार्रवाई वापस लेने की मांग की जा रही है।
महंगाई भत्ता और 10 महीने के बकाये पर वेदनाथ चंद्राकर ने उठाई आवाज
पेंशनर्स संघ के प्रांतीय प्रवक्ता वेदनाथ चंद्राकर ने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के आर्थिक अधिकारों का मुद्दा उठाया। उन्होंने महंगाई भत्ते की घोषणा और दीपावली पर राहत देने के आश्वासन के बावजूद भुगतान में देरी को लेकर वित्तमंत्री ओपी चौधरी पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया।
उन्होंने जनवरी से अक्टूबर तक के दस महीने के लंबित महंगाई भत्ते का भुगतान करने की मांग की। साथ ही छठवें और सातवें वेतनमान के बकाया एरियर का मुद्दा भी उठाया।
राधे लाल चंद्राकर ने पेंशनभोगियों की मांगों और एकजुटता पर दिया जोर
पेंशनर्स संघ के अध्यक्ष राधे चंद्राकर ने पेंशनभोगियों की लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाया।उन्होंने केंद्र के समान महंगाई भत्ता, दस महीने के बकाया एरियर का भुगतान और पेंशन संबंधी अधिकारों के संरक्षण की मांग की।
उन्होंने कहा कि लंबे समय तक शासकीय सेवा देने वाले पेंशनभोगियों को अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने संगठन की एकजुटता बनाए रखने और मांगों के लिए लगातार आवाज उठाने पर जोर दिया।
इस दौरान बिलासपुर हाईकोर्ट में पेंशनभोगियों की मांगों को लेकर चल रहे संघर्ष का भी उल्लेख किया गया।
कुरूद और भखारा के पटवारी सहित पेंशनर्स संघ के सदस्य रहे मौजूद
इस विरोध प्रदर्शन में कुरूद एवं भखारा के पटवारी शामिल हुए। इनमें लक्ष्मण नरेटी, भूपेंद्र साहू, जीवराखन कश्यप, वीरेंद्र बैंस, रामरतन साहू, बिसन सिंह, खोवाराम साहू, हेमंत चंद्राकर, पाल सिंह, लोकेश निर्मलकर, डोमन, टिकेंद्र चंद्राकर, अमित, प्रमोद, रजनी आनेश्वरी, अंजली मत्स्यपाल, शशि साहू, रिंकी दास, त्रिवेणी साहू और तारिणी साहू सहित अन्य पटवारी उपस्थित रहे।
वहीं पेंशनर्स संघ की ओर से मनहरण लाल बैंस, लिखन लाल साहू, भेसराम साहू, विश्राम साहू, यशवंत सिन्हा, जगजीवन मिश्रा, छबिलाल विश्वकर्मा, नेतूराम देवांगन, दमयंती साहू और कौशल्या गोसाई सहित अन्य सदस्य शामिल हुए।
यह भी पढ़ें:
एक धरने पर दो संगठनों की आवाज
एक ओर पटवारी PV ऐप की तकनीकी परेशानियों, वेतन विसंगतियों और कार्रवाई वापसी की मांग कर रहे हैं। दूसरी ओर पेंशनभोगी महंगाई भत्ते और लंबित एरियर के भुगतान को लेकर नाराजगी जता रहे हैं।
कुरूद-धमतरी में हड़ताल का असर आपके क्षेत्र में कैसा है? अपनी राय कमेंट में बताएं।

BREAKING NOW के संस्थापक-संपादक मूलचंद सिन्हा धमतरी जिले और कुरूद क्षेत्र की स्थानीय खबरों, राजनीति, प्रशासन और विकास से जुड़े मुद्दों को तथ्यों के साथ सामने लाते हैं। उनका उद्देश्य जिम्मेदार और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाना है।
