
बालोद। नया बस स्टैंड के पीछे खड़ी एक टाटा हेक्सा कार की तलाशी में हेरोइन (चिट्टा) और देशी पिस्टल मिलने का मामला सामने आया है। बालोद पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने 25 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, करीब 6.40 ग्राम हेरोइन, एक देशी पिस्टल, मोबाइल फोन और कार सहित कुल ₹11.83 लाख की सामग्री जब्त की गई है।
बालोद में हेरोइन और पिस्टल बरामद: मुखबिर की सूचना पर रात में घेराबंदी
पुलिस के अनुसार 28 अक्टूबर की रात सूचना मिली कि कार क्रमांक CG 17 KM 4455 में बैठा व्यक्ति मादक पदार्थ और हथियार रखे हुए है। वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची। ड्राइविंग सीट पर एक युवक संदिग्ध हालत में बैठा मिला।
पूछताछ में उसने अपना नाम लीनेश बंसोड़ उर्फ बाड़ू (25), पिता सुनील बंसोड़, निवासी वार्ड क्रमांक 21, रेलवे कॉलोनी, राजहरा (थाना दल्लीराजहरा, जिला बालोद) बताया।
डैशबोर्ड की तलाशी में निकली हेरोइन और देशी पिस्टल
तलाशी में डैशबोर्ड के अंदर पारदर्शी पैकेट में रखी हेरोइन और एक देशी पिस्टल मिली। पिस्टल के वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई कागज़ात पेश नहीं कर सका। मौके पर ही परीक्षण, तौल और जब्ती की कार्रवाई नियमानुसार पूरी की गई।
बालोद पुलिस ने कितने का माल जब्त किया?
हेरोइन (चिट्टा), लगभग 6.40 ग्राम: ₹1,28,000
देशी पिस्टल: ₹50,000
आईक्यू कंपनी का मोबाइल फोन: ₹5,000
टाटा हेक्सा कार: ₹10,00,000
कुल अनुमानित कीमत: ₹11,83,000
एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज
आरोपी लीनेश बंसोड़ उर्फ बाड़ू के विरुद्ध थाना बालोद में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ख) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, मामले में बरामद मादक पदार्थ और हथियार के संबंध में विवेचना जारी है।
इन अधिकारियों-जवानों की रही अहम भूमिका
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्रकांत गवर्ना और एसडीओपी श्री विनय साहू के मार्गदर्शन में हुई। थाना प्रभारी निरीक्षक श्री शिशुपाल सिन्हा, आरक्षक बनवाली साहू, चुलेन्द्र कुर्रे, भूपेश साहू, संजय सोनी और ANTF बालोद टीम की भूमिका सराहनीय रही।
बालोद पुलिस की नागरिकों से अपील
बालोद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार या अवैध हथियारों से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

BREAKING NOW के संस्थापक-संपादक मूलचंद सिन्हा धमतरी जिले और कुरूद क्षेत्र की स्थानीय खबरों, राजनीति, प्रशासन और विकास से जुड़े मुद्दों को तथ्यों के साथ सामने लाते हैं। उनका उद्देश्य जिम्मेदार और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाना है।
