भखारा में अचानक क्यों गरमाई सियासत?

रायपुर/भखारा। धमतरी जिले के भखारा में सोमवार को सियासी भूचाल आ गया। भखारा के तीन बड़े चेहरों ने एक साथ कांग्रेस से नाता तोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। यह जॉइनिंग सामान्य नहीं थी, इसका मंच था—पूर्व मंत्री और कुरुद विधायक अजय चंद्राकर का रायपुर स्थित निवास।
वरिष्ठ कांग्रेसी और सेवानिवृत्त शिक्षक बुधारु राम साहू, पीएचई विभाग से सेवानिवृत्त शोभाराम कँवर और रविशंकर साहू ने अजय चंद्राकर के समक्ष भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
एक साथ तीन अलग-अलग पृष्ठभूमि के चेहरों के भाजपा में आने से भखारा की सियासी गलियों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।
कौन हैं बुधारु राम साहू? मास्टर जी से सामाजिक नेतृत्व तक का सफर
भखारा में बुधारु राम साहू सिर्फ एक नाम नहीं, बल्कि लंबे सार्वजनिक और सामाजिक अनुभव से जुड़ी पहचान हैं। वे पेशे से सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। इसके अलावा वे पूर्व में बस्ती पंचायत अध्यक्ष और साहू समाज अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
सालों तक कक्षा में बच्चों का भविष्य गढ़ने वाले मास्टर जी अब सियासत की नई क्लास लेंगे। लंबे समय तक कांग्रेस से जुड़े रहे बुधारु राम साहू का भाजपा में शामिल होना स्थानीय राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है।
शोभाराम कँवर और रविशंकर साहू की भी नई राजनीतिक पारी
शोभाराम कँवर पीएचई विभाग में लंबी सरकारी सेवा पूरी कर चुके हैं। शासकीय सेवा के बाद अब उन्होंने राजनीतिक क्षेत्र में नई पारी शुरू की है।
वहीं रविशंकर साहू भी भाजपा में शामिल हुए हैं। स्थानीय स्तर पर सक्रिय इस चेहरे के जुड़ने से तीन अलग-अलग पृष्ठभूमि वाले चेहरे अब भाजपा के साथ नजर आएंगे।
अजय चंद्राकर के रायपुर निवास पर जॉइनिंग के क्या मायने?
तीनों नेताओं ने पूर्व मंत्री एवं कुरुद विधायक अजय चंद्राकर के रायपुर स्थित निवास पर उनसे मुलाकात की और भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
तीनों ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प और भाजपा की विचारधारा से प्रभावित होकर पार्टी से जुड़ रहे हैं।
अजय चंद्राकर ने तीनों का भाजपा परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि उनके अनुभव से भखारा क्षेत्र में संगठन को मजबूती मिलेगी।
अब सियासत की पिच पर नई पारी
समाज, शिक्षा और सरकारी सेवा के मैदान में अपनी-अपनी भूमिका निभा चुके ये तीनों चेहरे अब भाजपा के साथ नई राजनीतिक पारी शुरू कर चुके हैं।
अब सवाल यही है—मास्टर जी के पाला बदलने के बाद भखारा की सियासी पिच पर अगली चाल किसकी होगी?

One thought on “बुधारु राम साहू भाजपा में शामिल: अजय चंद्राकर के निवास पर भखारा में सियासी भूचाल”