मुजगहन हत्याकांड: पुरानी रंजिश में खूनी हमला, युवक की मौत; 4 आरोपी गिरफ्तार

SP भावना पांडेय के निर्देशन में अर्जुनी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, हमले में प्रयुक्त दो लकड़ी के डंडे सहित अन्य सामग्री जब्त

मुजगहन हत्याकांड में चार आरोपियों की गिरफ्तारी, धमतरी पुलिस की कार्रवाई
मुजगहन हत्याकांड में अर्जुनी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, चार आरोपी गिरफ्तार।

धमतरी। पुरानी रंजिश में शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी हमले में बदल गया और एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी। धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम मुजगहन में हुई इस वारदात में दीपांशु साहू की मौत हो गई, जबकि विकास साहू घायल है और उसका उपचार जारी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में अर्जुनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो लकड़ी के डंडे एवं अन्य संबंधित सामग्री भी जब्त की है।

मुजगहन हत्याकांड: पुरानी रंजिश में चाकू और डंडों से हमला

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 21 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:20 बजे ग्राम मुजगहन के मेन रोड पर सुदामा साहू के घर के सामने हुई। पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद के दौरान आरोपियों ने दीपांशु साहू एवं विकास साहू के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों, लकड़ी के डंडों एवं धारदार चाकू से हमला कर दिया।

हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। उन्हें तत्काल शासकीय जिला अस्पताल, धमतरी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दीपांशु साहू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, विकास साहू का उपचार जारी है।

धमतरी जिले में कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी अन्य खबर पढ़ें: धमतरी में गणेश विसर्जन विवाद: तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की पूरी खबर पढ़ें।

त्वरित कार्रवाई कर चार आरोपी गिरफ्तार, डंडे जब्त

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना अर्जुनी पुलिस ने तत्काल आरोपियों की पतासाजी शुरू की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ एवं मेमोरेंडम कथन के आधार पर आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो लकड़ी के डंडे एवं अन्य संबंधित सामग्री गवाहों के समक्ष विधिवत जब्त की गई।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शामिल हैं—

फनेश्वर नेताम (18 वर्ष), पिता रोहत नेताम।

रितेश नेताम (22 वर्ष), पिता रोहित नेताम।

लिलेश उर्फ लिलेश्वर नेताम (20 वर्ष), पिता प्रदीप नेताम।

नोहर यादव उर्फ काला (23 वर्ष), पिता परस राम यादव।

चारों आरोपी रत्नाबांधा, जिला धमतरी के निवासी हैं।

धमतरी जिले में सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी एक अन्य खबर भी पढ़ें: एक हत्याकांड के बाद राइस मिलों की सुरक्षा व्यवस्था में सख्ती, जानिए पूरा मामला।

BNS की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज, न्यायिक रिमांड पर जेल

इस संबंध में थाना अर्जुनी में अपराध क्रमांक 150/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 118(1), 351(3), 190, 191(1), 191(2) एवं 103(1) के अंतर्गत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, प्रकरण में संलिप्त अन्य फरार आरोपियों की तलाश एवं पतासाजी लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!