
धमतरी। गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान धुमाल पार्टी से विवाद, मारपीट और हथियार लहराकर दहशत फैलाने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तलवार, बेसबॉल स्टिक और हॉकी स्टिक जब्त की हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में असामाजिक तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई है।
धमतरी गणेश विसर्जन विवाद की पूरी घटना एक नजर में
शिकायतकर्ता: सांकरा, नगरी निवासी रूद्राक्ष धुमाल पार्टी का संचालक।
विवाद की वजह: बांसपारा में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान बाजा बजाते समय मराठा पारा स्थित मंगल भवन के पास कुछ युवकों ने अपनी मर्जी से धुमाल बजाने का दबाव बनाया। मना करने पर विवाद बढ़ गया।
हमला और तोड़फोड़: पुलिस के अनुसार, रामबाग के पास आरोपियों ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद तलवार, बेसबॉल स्टिक और हॉकी स्टिक से धुमाल पार्टी के सदस्यों के साथ मारपीट की तथा बाजा और वाहन में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया।
पुलिस की कानूनी कार्रवाई
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 232/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(2) एवं 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
गिरफ्तार आरोपी और जब्ती
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार जब्त किए गए।
रितेश पेंदरिया उर्फ रितू (उम्र 20 वर्ष), निवासी मराठा पारा, मंगल भवन के पास, धमतरी — बेसबॉल स्टिक जब्त।
जतीश साहू उर्फ डुई (उम्र 19 वर्ष), निवासी बांसपारा, मंगल भवन के पास, धमतरी — धारदार तलवार जब्त।
अमरचंद पटेल उर्फ छोटू (उम्र 26 वर्ष), निवासी महंत घासीदास वार्ड, आमापारा, बनिया तालाब, धमतरी — हॉकी स्टिक जब्त।
तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
📰 यह भी पढ़ें
कुरूद में गांजा तस्करी पर पुलिस की कार्रवाई, नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त संदेश
कुरूद के डंडेसरा में पुलिस का बड़ा एक्शन, 4 युवकों से कराया गुंडागर्दी नहीं करने का संकल्प
सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस का भ्रमण
त्योहारी सीजन के मद्देनजर कोतवाली थाना प्रभारी राजेश जगत ने पुलिस बल के साथ धमतरी के मुख्य मार्गों पर भ्रमण किया।
थाना प्रभारी के अनुसार, इसका उद्देश्य शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना, असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना और चाकूबाजी जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
