
कुरूद, धमतरी | जनपद पंचायत कुरूद के सभागार में आज नवपदस्थ अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पीयूष तिवारी ने सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक ली। बैठक में जन प्रयास पोर्टल को लेकर रोडमैप तैयार किया गया। एसडीएम तिवारी ने कहा कि प्रशासन अकेले नहीं, समाज के सामूहिक प्रयास से ही बदलाव संभव है। पोर्टल के साथ “कुरूद साथी” व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से भी सामाजिक गतिविधियों की जानकारी साझा की जाएगी।
बैठक में कौन-कौन रहे उपस्थित
बैठक में वंदे मातरम परिवार, राइस मिल एसोसिएशन, हनुमान समिति, मुक्ति धाम , शांति समिति, प्रेरक दल, खेल प्रतिभा, कुरूद प्रेस क्लब , अजय एजुकेशन हेल्थ फाउंडेशन
सहित क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक संगठन उपस्थित रहे। सभी ने अपना परिचय देते हुए अपने जनहितैषी उद्देश्यों और अब तक किए गए कार्यों का प्रस्तुतीकरण किया।
एसडीएम ने जन प्रयास को बताया सामुदायिक जन-आंदोलन
एसडीएम तिवारी ने जन प्रयास को सिर्फ एक योजना नहीं, बल्कि सामुदायिक जन-आंदोलन बताया। बैठक में 5 प्रमुख बिंदुओं पर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई।
यह भी पढ़ें:
कुरूद की रफ्तार के साथ ट्रैफिक व्यवस्था पर भी गंभीर मंथन जरूरी
चित्रकला, भाषण और संस्कृति में दिखा विकसित भारत का सपना
सामुदायिक सहयोग से सशक्त नेटवर्किंग
पहले बिंदु के तहत सकारात्मक कार्यों के लिए सामूहिक समूह का निर्माण किया जाएगा। संगठनों के बीच आपसी प्रेरणा, समस्याओं का त्वरित समाधान और कला व सामाजिक कार्यों में सहयोग की भावना को बढ़ावा दिया जाएगा।
जन प्रयास पोर्टल से जुड़ेंगे स्वयंसेवक
दूसरे बिंदु में जिला प्रशासन द्वारा विकसित जन प्रयास पोर्टल को सूचना प्रसार का प्रमुख माध्यम बताया गया। स्वयंसेवक अपनी रुचि के अनुसार इस पर पंजीकरण कर सकेंगे और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों से सीधे जुड़ सकेंगे। पोर्टल से पंजीकरण के जरिए सामाजिक गतिविधियां अधिक लोगों तक पहुंचेंगी।
एकीकृत पंजीकरण और स्मार्ट व्यवस्था
तीसरे बिंदु के अनुसार संगठनों और स्वयंसेवकों के लिए एक ही डिजिटल मंच होगा। भविष्य के कार्यक्रमों की जानकारी, ऑनलाइन पंजीकरण और बिना आईटी टीम के स्वचालित पोस्टर निर्माण की सुविधा इस पोर्टल की बड़ी ताकत होगी।
स्वयंसेवकों को सम्मान और पहचान
चौथे बिंदु में स्वयंसेवकों को सम्मान और पहचान देने की बात कही गई। “जो करेगा, वो दिखेगा” की भावना के साथ सक्रिय भागीदारी पर डिजिटल प्रमाण पत्र और पहचान पत्र दिए जाएंगे, साथ ही कार्य आधारित पॉइंट सिस्टम और कार्यकर्ता स्तर का निर्धारण होगा। विशिष्ट कार्यक्रमों में सम्मान और विशेष बैठने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
स्थायी डिजिटल डेटा प्रबंधन
पांचवें बिंदु के तहत स्थायी डिजिटल डेटा प्रबंधन पर जोर दिया गया। अधिकारियों के स्थानांतरण के बाद भी कार्य नहीं रुकेगा। सामाजिक गतिविधियों का केंद्रीकृत, पारदर्शी और स्थायी डिजिटल रिकॉर्ड स्थानीय संस्थाओं द्वारा निरंतर संचालित किया जाएगा।
“कुरूद साथी” व्हाट्सएप ग्रुप से भी साझा होगी जानकारी
बैठक में तय हुआ कि “कुरूद साथी” व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से भी जानकारी साझा की जाएगी, ताकि सामाजिक गतिविधियां अधिक लोगों तक पहुंच सकें।
सामाजिक संगठनों ने किया पहल का स्वागत
बैठक में उपस्थित सामाजिक संगठनों ने एसडीएम की इस पहल का स्वागत किया और जन प्रयास को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
